जौनपुर। अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन वाराणसी नवीन अरोरा ने सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर कुंवर अनुपम सिंह की मौजूदगी में पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई की। इस दौरान उन्होंने फरियादियों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना तथा उनके शीघ्र, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जनसुनवाई के बाद एडीजी ने पुलिस कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले की कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की स्थिति की समीक्षा की। बैठक में लंबित विवेचनाओं, वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी, महिला अपराध, साइबर अपराध, यातायात व्यवस्था और जनशिकायतों के निस्तारण समेत पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई।
एडीजी ने अधिकारियों को अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थानों पर आने वाले फरियादियों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए और उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। पुलिस की कार्यप्रणाली से आमजन में सुरक्षा और विश्वास की भावना और मजबूत होनी चाहिए।
इसके बाद अपर पुलिस महानिदेशक ने पुलिस कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न शाखाओं का जायजा लेने के साथ अभिलेखों और पत्रावलियों के रखरखाव तथा कार्यालय की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया। उन्होंने अभिलेखों को व्यवस्थित रखने, कार्यालय परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने और विभागीय कार्यों का समय से निस्तारण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न शाखाओं के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।