Trending

Jaunpur News : मड़ियाहूं में खुला पहला एआई सेण्टर, ग्रामीण युवाओं को मिलेगा नि:शुल्क प्रशिक्षण

Naya Savera Network

मड़ियाहूं, जौनपुर। ग्रामीण युवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने तथा रोजगार के लिये होने वाले पलायन को रोकने की दिशा में मड़ियाहूं क्षेत्र के जमालापुर में अत्याधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सेंटर की शुरुआत की गई। भुआल सिंह फाउंडेशन एवं NIIT फाउंडेशन के संयुक्त प्रयास से स्थापित इस सेंटर में युवाओं को कम्प्यूटर, डिजिटल टूल्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रशिक्षण पूरी तरह नि:शुल्क प्रदान किया जायेगा।

सेंटर का उद्घाटन मुख्य अतिथि एवं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ. अनीत सिंह ने फीता काटकर किया। साथ ही कहा कि आधुनिक तकनीक अब केवल महानगरों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को भी AI और डिजिटल तकनीक सीखने का समान अवसर मिलना जरूरी है। मड़ियाहूं सहित आस—पास के क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उचित मार्गदर्शन और संसाधन उपलब्ध कराने की है।

डॉ. सिंह ने कहा कि रोजगार के सीमित अवसरों के कारण ग्रामीण क्षेत्र के अनेक युवा 10-12 हजार रुपये की नौकरी के लिए मुंबई, सूरत, गुजरात जैसे बड़े शहरों की ओर पलायन करने को मजबूर होते हैं। ऐसे में यह नि:शुल्क AI सेंटर युवाओं को घर के आसपास आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण उपलब्ध कराने और उन्हें बेहतर रोजगार के अवसरों के लिये तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगा।

उन्होंने अभिभावकों से अपील किया कि वे अपने बच्चों को सेंटर में भेजकर नि:शुल्क प्रशिक्षण का लाभ उठाएं। संस्थान के प्रतिनिधियों के अनुसार यहां कम्प्यूटर साक्षरता, डिजिटल टूल्स और AI की एडवांस ट्रेनिंग दी जाएगी। इस अवसर पर NIIT फाउंडेशन की टीम, भुआल सिंह फाउंडेशन की डायरेक्टर दीपा, अमित सिंह सहित फाउंडेशन के सदस्य, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, युवा आदि मौजूद रहे।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!