Trending

Jaunpur News : हरतालिका तीज पर शिवालयों में उमड़ी महिलाओं की भीड़, पति की लंबी उम्र की कामना

Naya Savera Network
बरसठी | हरतालिका तीज पर सोमवार को क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। सुहागिन महिलाओं ने निर्जला व्रत रखकर भगवान शिव और माता पार्वती की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। महिलाओं ने पति की लंबी उम्र, अखंड सौभाग्य और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। सुबह से ही महिलाएं पूजा सामग्री लेकर क्षेत्र के प्रमुख शिवालयों में पहुंचने लगीं। प्राचीन दियांवा महादेव मंदिर, कोटेश्वर महादेव मंदिर, सिद्धेश्वर महादेव और नर्मदेश्वर शिवालय में महिलाओं की भीड़ रही। महिलाओं ने भगवान शिव और माता पार्वती को बेलपत्र, फल-फूल समेत अन्य पूजन सामग्री अर्पित की और तीज की कथा सुनी। कई महिलाओं ने घरों में मिट्टी से शिवलिंग बनाकर भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा की। व्रती महिलाओं ने दिनभर निर्जला व्रत रखा। शाम को भी मंदिरों और घरों में पूजा-अर्चना का सिलसिला चलता रहा। पर्व को लेकर महिलाओं ने पहले से ही तैयारियां कर रखी थीं। सुबह स्नान-ध्यान के बाद नए वस्त्र पहनकर सोलह शृंगार किया और पूजा की तैयारी में जुट गईं। पूजन सामग्री, फल, मिठाई और शृंगार के सामान की खरीदारी को लेकर बाजारों में भी चहल-पहल रही। कई महिलाओं ने समूह में एकत्र होकर पूजा-अर्चना की और तीज की कथा सुनी। मान्यता है कि हरतालिका तीज पर माता पार्वती ने भगवान शिव को पति के रूप में प्राप्त करने के लिए कठोर तप किया था। इसी परंपरा के तहत सुहागिन महिलाएं पति की लंबी उम्र और दांपत्य जीवन की सुख-समृद्धि के लिए यह व्रत रखती हैं।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!