Trending

Jaunpur News : जौनपुर में पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, चोरी से लेकर छेड़छाड़ और आत्महत्या के लिए उकसाने के मामलों में 8 गिरफ्तार

Naya Savera Network
जौनपुर। जिले में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया। सिंगरामऊ पुलिस ने जल जीवन मिशन की चोरी की पाइप के साथ तीन आरोपियों को पकड़ा, जबकि बरसठी पुलिस ने किशोरी के साथ अभद्रता व अश्लीलता के मामले में दो घंटे के भीतर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। बदलापुर में आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में वांछित आरोपी की गिरफ्तारी हुई। वहीं, जफराबाद पुलिस ने चोरी की स्कूटी बरामद करते हुए एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया। सरपतहां पुलिस ने दहेज उत्पीड़न व विवाहिता की मौत से जुड़े मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

सिंगरामऊ में चोरी की पाइप के साथ तीन गिरफ्तार

सिंगरामऊ पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बहरा बूथ के पास बैरियर लगाकर वाहनों की चेकिंग के दौरान पिकअप संख्या UP62CT2289 को रोककर तलाशी ली। वाहन से जल जीवन मिशन की चोरी की पाइप बरामद हुई। पुलिस ने वाहन में सवार राजवीर निषाद, पवन कुमार सिंह उर्फ सोनू और शनि सिंह, तीनों निवासी मरगूपुर, थाना आसपुर देवसरा, प्रतापगढ़ को गिरफ्तार किया। मामले में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

बरसठी में दो घंटे में आरोपी गिरफ्तार

बरसठी पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए किशोरी के साथ अभद्रता और अश्लीलता के मामले में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज दो घंटे के भीतर नामजद आरोपी शौकत अली पुत्र स्व. वाजिद अली निवासी घनापुर को बरसठी बाजार से गिरफ्तार कर लिया। मामले में धारा 296 भादवि और 67 आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

बदलापुर में आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोपी पकड़ा

बदलापुर पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में वांछित आरोपी दीपक गौतम पुत्र भारत गौतम निवासी ऊदपुर घाटमपुर को उसरा बाजार कलिंजरा मोड़ के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ थाना बदलापुर में मुकदमा संख्या 446/26 धारा 74, 352, 351(3) और 108 बीएनएस के तहत मामला दर्ज था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया।

जफराबाद में चोरी की स्कूटी बरामद

जफराबाद पुलिस ने चोरी के मुकदमे में वांछित सुरेन्द्र कुमार पुत्र भोलानाथ यादव निवासी अर्का फतेहपुर, थाना एकौरा, कौशांबी को हिसामपुर स्थित विजय प्रताप इंटरनेशनल स्कूल के पास से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से मुकदमे से संबंधित चोरी की स्कूटी बरामद हुई। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ कौशांबी के करारी थाने में पॉक्सो एक्ट समेत एक अन्य मुकदमा भी दर्ज है।

सरपतहां में तीन आरोपी गिरफ्तार

सरपतहां पुलिस ने मुकदमे में वांछित प्रदीप पुत्र रामचन्दर, रामचन्दर पुत्र सुबरन और चमेला पत्नी रामचन्दर, सभी निवासी डेहरी, थाना सरपतहां को उनके घर से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार तीनों के खिलाफ मुकदमा संख्या 295/2026 में धारा 85, 80(2) बीएनएस और 3/4 डीपी एक्ट के तहत मामला दर्ज था। गिरफ्तारी के बाद सभी को न्यायालय भेजने की कार्रवाई की गई।

पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर हुई इन कार्रवाइयों में संबंधित थानों की पुलिस टीमों ने भूमिका निभाई। पुलिस का कहना है कि अपराधियों, वांछित और वारंटी आरोपियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!