जौनपुर/केराकत। तहसील क्षेत्र के उमरवार कदमा गांव को जाने वाला मार्ग पिछले कई वर्षों से बदहाल पड़ा है। सड़क पर जगह-जगह गंदगी और कूड़ा फैला होने से ग्रामीणों व राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के मौसम में समस्या और गंभीर हो जाती है।
ग्रामीणों के अनुसार, यह मार्ग रतनूपुर बाजार में शराब की दुकान के बगल से कदमा गांव की ओर जाता है। लंबे समय से मरम्मत नहीं होने के कारण सड़क जगह-जगह खराब हो गई है। आसपास गंदगी जमा रहने से राहगीरों को आने-जाने में दिक्कत होती है।
बारिश के दौरान मार्ग पर कीचड़ और जलभराव की स्थिति बन जाती है। इससे पैदल चलना मुश्किल हो जाता है और दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा भी बढ़ जाता है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारियों से मार्ग की जल्द मरम्मत कराने तथा सड़क किनारे फैली गंदगी की सफाई कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समस्या का स्थायी समाधान होने से उमरवार कदमा सहित आसपास के गांवों के लोगों को राहत मिलेगी।
