जौनपुर। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी राजेश कुमार नायक ने जनपद के सभी दिव्यांगजनों को सूचित किया है कि उनकी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए 07 अगस्त 2026 को प्रातः 10:00 बजे से विकास भवन सभागार, जौनपुर में राज्य आयुक्त दिव्यांगजन, उत्तर प्रदेश के निर्देशन में मोबाइल कोर्ट (दिव्यांगजन न्यायालय) का आयोजन किया जाएगा।
मोबाइल कोर्ट में उपजिलाधिकारी सदर, मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, सहायक श्रमायुक्त तथा लोक निर्माण विभाग एवं विद्युत निगम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने सभी दिव्यांगजनों से अपील की है कि वे अपनी शिकायतों एवं समस्याओं के समाधान के लिए निर्धारित तिथि पर मोबाइल कोर्ट में उपस्थित होकर प्रार्थना-पत्र प्रस्तुत करें, ताकि उनकी समस्याओं का यथासंभव उसी दिन निस्तारण कराया जा सके।

