जौनपुर, 16 जुलाई। जिले के शाहगंज क्षेत्र के बादशाही फीडर से जुड़े गांवों में पिछले तीन दिनों से जारी अघोषित बिजली कटौती से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि दिन में किसी तरह बिजली की आपूर्ति होती है, लेकिन रात होते ही बिजली गायब हो जाती है और पूरी रात आपूर्ति बहाल नहीं होती। भीषण गर्मी और उमस के बीच रातभर बिजली न रहने से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। नाराज ग्रामीणों ने सोशल मीडिया के माध्यम से प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा से हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने अनुरोध किया है कि बादशाही फीडर की बिजली व्यवस्था में तत्काल सुधार कराया जाए तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देकर रात की अघोषित कटौती बंद कराई जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।
Jaunpur News : बादशाही फीडर पर अघोषित बिजली कटौती से लोग बेहाल
July 15, 2026
