Trending

Jaunpur News : विकास कार्यों में लापरवाही पर होगी कार्रवाई: गिरीश चंद्र यादव

Naya Savera Network



जौनपुर। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. की उपस्थिति में लोक निर्माण विभाग, जल जीवन मिशन, जल निगम, सेतु निगम, नगर पालिका परिषद तथा अन्य विभागों की विकास परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वीकृति मिलने के बाद भी जिन कार्यों को ठेकेदारों ने शुरू नहीं किया है, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

बैठक में राज्यमंत्री ने कहा कि सभी सड़कें गड्ढामुक्त होनी चाहिए और निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जल जीवन मिशन की लगभग 75 प्रतिशत पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को समय पर पेयजल सुविधा मिल सके।

नगर पालिका को नगर क्षेत्र की क्षतिग्रस्त सड़कों का सर्वे कर तत्काल मरम्मत योजना तैयार करने, बिना अनुमति सड़क खोदने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा भंडारी स्टेशन से वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय तक की सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि जिन सड़कों का टेंडर हो चुका है, उन पर तुरंत कार्य शुरू कराया जाए।

राज्यमंत्री ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए निरीक्षण के दौरान फोटोग्राफी अनिवार्य करने और मानक के अनुरूप कार्य न मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!