Trending

Jaunpur News : डीआईओएस कार्यालय में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ शिक्षक संघ का आंदोलन तेज

Naya Savera Network

 अगस्त के प्रथम सप्ताह में धरना

जौनपुर, 17 जुलाई। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (ठकुराई गुट) की महत्वपूर्ण बैठक तिलकधारी सिंह इंटर कॉलेज में जिलाध्यक्ष तेरस यादव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठन के सदस्यता अभियान, जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय की कार्यप्रणाली, कथित भ्रष्टाचार तथा संगठनात्मक चुनाव को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि डीआईओएस कार्यालय में व्याप्त समस्याओं के विरोध में अगस्त माह के प्रथम सप्ताह में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

प्रदेश संरक्षक रमेश सिंह ने संगठन की सदस्यता शत-प्रतिशत करने का आह्वान करते हुए कहा कि मजबूत संगठन ही शिक्षकों के हितों की प्रभावी ढंग से रक्षा कर सकता है। उन्होंने डीआईओएस कार्यालय में कथित भ्रष्टाचार पर नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया कि लेखाधिकारी द्वारा शिक्षकों के कार्यों में अनावश्यक विलंब किया जाता है तथा विभिन्न कार्यों में धन उगाही की प्रवृत्ति अपनाई जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्यप्रणाली में सुधार नहीं हुआ तो संगठन व्यापक आंदोलन करेगा।

उन्होंने बताया कि अगस्त माह के प्रथम सप्ताह में जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। इसके बाद संगठन को और मजबूत बनाने के लिए लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत नई कार्यकारिणी का गठन कराया जाएगा।

प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. राकेश सिंह ने शिक्षकों से प्रस्तावित धरने को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि संगठन किसी भी प्रकार के भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं करेगा। जिलाध्यक्ष तेरस यादव ने जनपद के शिक्षकों से अधिक से अधिक संख्या में धरना-प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की।

बैठक को कार्यकारी अध्यक्ष अतुल कुमार सिंह, मीडिया प्रभारी राजेश सिंह, कोषाध्यक्ष हसन सईद, उपाध्यक्ष दयाशंकर यादव, बृजेश सिंह सहित कई पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया। संचालन जिलामंत्री ठाकुर प्रसाद तिवारी ने किया तथा अंत में सभी उपस्थित शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। बैठक में दिलीप कुमार सिंह, सुनील कुमार सिंह, प्रधानाचार्य गजेन्द्र बहादुर सिंह, समर बहादुर सिंह, बद्रीनाथ सिंह, रामप्रकाश यादव, रविन्द्र प्रसाद मिश्र, अभिषेक कुमार सिंह, विनीत कुमार, देवेन्द्र प्रताप सिंह, अभ्युदय सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!