सुइथाकला, जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के सदरुद्दीनपुर गांव में एक वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान बच्चे के साथ हैवानियत करने की घटना प्रकाश में आई है। पीड़ित के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार सदरुद्दीनपुर निवासी परषोत्तम पुत्र भरथू ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि बीते मंगलवार की रात लगभग 12 बजे गांव में वैवाहिक कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान गांव का ही मोहन उर्फ गुड्डू बिंद पुत्र संत लाल उनके पुत्र अंशु को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। काफी देर तक बच्चे के नहीं मिलने पर परिजन उसकी तलाश करते रहे। बाद में बच्चा घर पहुंचा और रोते हुए परिजनों को अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था।
पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(4)तथा लैंगिक अपराध बाल संरक्षण अधिनियम 5 एम एवं 6 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। प्रभारी थानाध्यक्ष कमल किशोर राय ने बताया कि पीड़ित परिजन की तहरीर के आधार पर आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
