Jaunpur News : शौच के लिए गए वृद्ध की उपचार के दौरान मौत, गांव में शोक


जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव में शौच के लिए गए एक वृद्ध की गिरकर घायल होने के बाद उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। घटना से परिवार समेत पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार, सलेमपुर निवासी रिबई यादव (70) पुत्र स्वर्गीय रामफेर यादव मंगलवार को घर से कुछ दूरी पर शौच के लिए गए थे। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वे गिर पड़े। गिरने से उनके हाथ में चोट लग गई थी।

परिजन उन्हें तत्काल घर ले आए और स्थानीय चिकित्सक से उपचार कराया। उपचार के कुछ समय बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद घर पर ही उनका निधन हो गया।

ग्रामीणों के अनुसार, रिबई यादव लंबे समय से सांस संबंधी बीमारी से भी पीड़ित थे। वे क्षेत्र के एक कॉलेज में परिचारक पद से सेवानिवृत्त हुए थे और अपने सरल स्वभाव के कारण लोगों के बीच सम्मानित थे।

उनके परिवार में पत्नी मीना देवी, चार पुत्रियां और चार पुत्र हैं। चारों पुत्रियों तथा दो पुत्रों का विवाह हो चुका है, जबकि दो पुत्र अविवाहित हैं। परिवार के बड़े दोनों पुत्र मुंबई में रहकर आजीविका कमाते हैं। पिता के निधन की सूचना मिलते ही वे घर पहुंच गए।

बुधवार को क्षेत्र के पिलिकिछा घाट पर रिबई यादव का अंतिम संस्कार किया गया। उनके निधन से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, ग्रामीणों ने भी शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post