Trending

Jaunpur News : प्रयागराज में जौनपुर की छात्रा ने फांसी लगाकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस

Technical Team

प्रयागराज। धूमनगंज थाना क्षेत्र के राजरूपपुर में किराए के कमरे में रह रही बीकॉम प्रथम वर्ष की एक छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी। कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।

मृतका की पहचान जौनपुर जिले के गौरा बादशाहपुर क्षेत्र स्थित पचेवरा गांव निवासी 19 वर्षीय सृजन राय के रूप में हुई है। वह प्रयागराज के केपी कॉलेज में बीकॉम प्रथम वर्ष की छात्रा थी और पढ़ाई के लिए राजरूपपुर में किराए के कमरे में रहती थी। उसके पिता चेन्नई में एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं।

परिजनों के अनुसार, सृजन दो दिन पहले ही अपने घर से प्रयागराज लौटी थी। मंगलवार रात जब परिवार के लोगों ने उसे फोन किया तो उसने कॉल रिसीव नहीं की। कई बार प्रयास करने के बाद भी संपर्क नहीं हो सका, जिससे परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद उन्होंने मकान मालिक से संपर्क किया।

मकान मालिक जब छात्रा के कमरे पर पहुंचे तो बाहर से देखने पर वह फंदे से लटकी दिखाई दी। सूचना मिलने पर धूमनगंज पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटनास्थल पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने भी जांच-पड़ताल की, लेकिन कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। परिजन भी आत्महत्या के पीछे किसी स्पष्ट कारण की जानकारी नहीं दे सके हैं।

धूमनगंज थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन इसके कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। छात्रा का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर उसकी कॉल डिटेल और अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!