जौनपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के योग सप्ताह के 5वें दिन मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खड़िया ने योग के माध्यम से समाज में एक बेहतर संदेश दिया। उन्होंने स्वयं सैकड़ों एचआईवी पॉजिटिव से पीड़ित व्यक्तियों के साथ योगाभ्यास करके समाज में एक बेहतर संदेश दिया कि ऐसे व्यक्तियों के संपर्क में रहने से किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य से संबंधित दिक्कतें नहीं आती हैं और न ही किसी भी प्रकार का संक्रमण फैलता है।जो सामाजिक विचार इनके प्रति होती है, उस भ्रम को दूर करके ऐसे लोगों के साथ किसी भी प्रकार का गलत धारणाएं नहीं रखनी चाहिए।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए डा. सुशील अग्रहरी ने बताया कि ऐसे लोगों को पौष्टिकता से भरपूर सुपाच्य आहार नियमित लेनी चाहिए। साथ ही किसी भी प्रकार के नशे की लत से सदैव दूर रहना चाहिए।
क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं युनानी अधिकारी डॉ कमल ने आयुर्वेदिक औषधियां भी इम्यूनिटी को काफी मजबूत बनाती हैं। पतंजलि योग समिति उत्तर प्रदेश के सह राज्य प्रभारी अचल हरीमूर्ति और मुख्य योग शिक्षक अरविंद जी ने प्रोटोकॉल के अतिरिक्त इम्यूनिटी सिस्टम को मजबूत बनाने के लिए विविध प्रकार के योगाभ्यासों को कराते हुए उनके लाभों को बताया। श्री हरीमूर्ति ने बताया कि जब भी शरीर में रक्त के प्रवाह और प्राणवायु के संचरण में असंतुलन होता है तो व्यक्ति की रोग प्रतिरोधक क्षमता कम हो जाती है। ऐसी स्थिति में नियमित रूप से 15 से 20 मिनट तक कपालभाति प्राणायाम, 10 मिनट तक भस्त्रिका प्राणायाम, 10 से 15 बार भ्रामरी और उद्गगीथ प्राणायामों को करके रक्त और प्राणवायु के प्रवाह को संतुलित किया जा सकता है।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ गंगाराम गौतम, सिटी मजिस्ट्रेट इंद्रनन्दन सिंह, भू राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, जिला पंचायत राज अधिकारी नवीन सिंह, जिला पिछड़ा कल्याण अधिकारी नरेंद्र विश्वकर्मा, जिला उद्यान अधिकारी सीमा सिंह, कार्यक्रम संयोजक/क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं युनानी अधिकारी डॉ कमल आदि उपस्थित रहे।
