Jaunpur News : बढ़े बिजली बिलों पर ग्रामीणों का विरोध, स्मार्ट मीटर उखाड़े

जौनपुर। केराकत तहसील के मुर्तजाबाद गांव में शनिवार को बिजली बिल बढ़ने को लेकर ग्रामीणों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान गुस्साए ग्रामीणों ने अपने घरों में लगे स्मार्ट मीटर उखाड़ दिए और बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से गांव में बिजली आपूर्ति ठीक से नहीं हो रही है, इसके बावजूद उनके मोबाइल पर रोजाना 60 से 63 रुपये तक के बिल संदेश आ रहे हैं। इससे लोग काफी नाराज हैं। ग्रामीणों के अनुसार, पहले उनका मासिक बिजली बिल 100 से 200 रुपये तक आता था, लेकिन स्मार्ट मीटर लगने के बाद यह करीब पांच गुना तक बढ़ गया है। उनका कहना है कि घरों में केवल पंखे और कुछ एलईडी बल्ब ही चल रहे हैं, ऐसे में इतना अधिक बिल समझ से बाहर है। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बिजली विभाग से बिलों की जांच कर सुधार करने और गांव में बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। वहीं, विभागीय अधिकारियों ने कहा है कि मामले की जानकारी मिल चुकी है और समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post