जौनपुर। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित प्रेक्षागृह में शनिवार को वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती पर राजपूत सेवा समिति के तत्वावधान में मेधावी प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आईएएस और पीसीएस परीक्षा में चयनित मेधावियों के साथ यूपी बोर्ड में जनपद में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले छात्र को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप अदम्य साहस और वीरता के प्रतीक थे। उन्होंने घास की रोटी खाई, लेकिन मुगलों की अधीनता स्वीकार नहीं की। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप की गौरवगाथा आज भी लोगों को प्रेरित करती है और देश हमेशा उन्हें याद रखेगा।
उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप ने जिस भारत की कल्पना की थी, आज देश उसी दिशा में आगे बढ़ रहा है और पूरी दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ रहा है। उन्होंने बंगाल चुनाव परिणाम का भी उल्लेख करते हुए कहा कि इससे पूरा देश उत्साहित है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपाशंकर सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज को आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए संघर्ष करने वाले इस महान योद्धा को युगों-युगों तक याद किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर और महाराणा प्रताप के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इसके बाद सलमान शेख की टीम ने गणेश वंदना प्रस्तुत की तथा महाराणा प्रताप के जीवन पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोगों को भावविभोर कर दिया। राजपूत सेवा समिति के सदस्य ओम प्रकाश सिंह ने स्वागत भाषण देते हुए समिति द्वारा समाजहित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने महाराणा प्रताप पार्क के पास संग्रहालय हॉल निर्माण की योजना की भी जानकारी साझा की। समारोह में पीसीएस परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभिषेक सिंह, विशाल सिंह, राजिता सिंह, हिमालय सिंह, आदित्य सिंह, विनीत सिंह, किशन सिंह और प्रमय सिंह सहित यूपी बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा में जनपद टॉपर रहे छात्र राजशेखर सिंह को सम्मान पत्र और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पूर्व सांसद डॉ. कृष्ण प्रताप सिंह, शाहगंज विधायक रमेश सिंह, पूर्व विधायक डॉ. हरेंद्र प्रसाद सिंह, समाजसेवी ज्ञान प्रकाश सिंह, पूर्व चेयरमैन कमला सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह, सतीश सिंह, ब्लॉक प्रमुख राहुल सिंह, सत्येंद्र सिंह फंटू, विनय सिंह, सूर्य प्रकाश सिंह मुन्ना, डॉ. अंजना सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शरद सिंह ने किया जबकि आभार जौनपुर पत्रकार संघ के अध्यक्ष शशि मोहन सिंह क्षेम ने ज्ञापित किया।
कलीचाबाद स्थित महाराणा प्रताप पार्क के पास शनिवार को नए पुलिस बूथ का उद्घाटन पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपाशंकर सिंह ने फीता काटकर किया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता, लाइन बाजार थाना प्रभारी तथा राजपूत सेवा समिति के सदस्य मौजूद रहे।

Post a Comment