Jaunpur News : बीएसए ने किया विद्यालयों का निरीक्षण, लापरवाही पर कार्रवाई, अच्छे कार्य पर सम्मान

जौनपुर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने शनिवार को जिले के कई विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालयों की व्यवस्था, बच्चों की उपस्थिति, पढ़ाई की गुणवत्ता और मिड डे मील की स्थिति का जायजा लिया। जहां लापरवाही मिली वहां कार्रवाई की गई, वहीं अच्छे कार्य करने वालों को पुरस्कृत भी किया गया। धर्मापुर विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय शीतला चौकिया में निरीक्षण के समय शिक्षामित्र को छोड़कर सभी शिक्षक उपस्थित मिले। सुबह 7:50 बजे तक केवल 14 बच्चे ही विद्यालय पहुंचे थे। छात्र उपस्थिति कम मिलने पर प्रधानाध्यापक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। विद्यालय परिसर और रसोईघर की साफ-सफाई अच्छी मिलने पर रसोइया को पुरस्कृत कर उसका उत्साहवर्धन किया गया। वहीं अनुपस्थित शिक्षामित्र का मानदेय अगले आदेश तक रोक दिया गया।
इसके बाद करंजाकला विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय सिद्दीकपुर का निरीक्षण किया गया। यहां सभी शिक्षक उपस्थित मिले और शैक्षणिक गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई। विद्यालय में साफ-सफाई बेहतर रखने के निर्देश प्रधानाध्यापक को दिए गए। प्राथमिक विद्यालय खानपुर अकबर में निरीक्षण के दौरान विद्यालय का वातावरण काफी गंदा मिला। विद्यालय की चहारदीवारी टूटी हुई थी और जल निकासी की समस्या के कारण पानी जमा होने से बच्चों को आने-जाने में परेशानी हो रही थी। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए बीएसए ने तत्काल नगर पालिका के अधिकारियों और अध्यक्ष प्रतिनिधि से फोन पर बात की। इसके बाद नगर पालिका के अधिकारी मौके पर पहुंचे और विद्यालय परिसर सुधारने के लिए कार्ययोजना बनाई गई। अधिकारियों ने एक महीने के भीतर व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिया।
शाहगंज विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय तरसांवा में निरीक्षण के दौरान बच्चे अव्यवस्थित तरीके से मिड डे मील खाते मिले। भोजन के समय कोई भी शिक्षक मौजूद नहीं था। इस पर नाराजगी जताते हुए बीएसए स्वयं बच्चों के साथ बरामदे में बैठकर भोजन किया। मिड डे मील की गुणवत्ता भी मानक के अनुरूप नहीं मिली। इस मामले में प्रधानाध्यापक सहित पूरे स्टाफ का निरीक्षण दिवस का वेतन रोकते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। वहीं करंजाकला के कम्पोजिट विद्यालय सिद्दीकपुर में सभी शिक्षक उपस्थित मिले और पढ़ाई की गुणवत्ता अच्छी पाई गई। कक्षा आठ के छात्र-छात्राओं आरुषि और विशेष ने गणित विषय में लघुत्तम एवं महत्तम समापवर्तक के सवाल ब्लैकबोर्ड पर हल कर दिखाए, जिस पर दोनों बच्चों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post