Trending

Jaunpur News : छेड़खानी व जानलेवा हमले के आरोप में दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज

Naya Savera Network
सिरकोनी, जौनपुर। जफराबाद क्षेत्र के नाव घाट पुल पर दवा लेने जा रही एक महिला के साथ गांव के ही दो युवकों द्वारा छेड़खानी करने, विरोध करने पर जान से मारने की नियत से उनके ऊपर मोटरसाइकिल चढ़ा देने और गले से मंगलसूत्र छीनने का मामला प्रकाश में आया है। इस मामले में पुलिस ने पीड़ित महिला की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ सम्बन्धित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम सुल्तानपुर (इमलो) निवासी पिंकी निषाद पत्नी विकास निषाद ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि बीते गुरुवार (14 मई) की शाम लगभग 4 बजे उनकी तबीयत खराब होने के कारण वह अपनी गूंगी ननद के साथ दवा लेने के लिये नरसिंह चौराहा आ रही थी। जब वह नाव घाट पुल पर पहुंची कि तभी पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार होकर उनके ही गांव के विनोद निषाद पुत्र प्रकाश निषाद और संदीप निषाद पुत्र जनार्दन निषाद आ गये। आरोपियों ने महिला के साथ अभद्रता व छेड़खानी करते हुये पुल के नीचे चलने का दबाव बनाया। जब महिला ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने जान से मारने की नियत से महिला के ऊपर मोटरसाइकिल चढ़ा दी।  
इस हादसे में महिला के पैर और हाथ में गम्भीर चोटें आईं और वह सड़क पर गिरकर जोर-जोर से चिल्लाने लगी। शोर मचाने पर आरोपी महिला के गले से मंगलसूत्र छीनकर जान से मारने की धमकी देते हुये मौके से फरार हो गये। पुलिस ने इस मामले में वीरतापूर्वक मुकाबला करने वाली पीड़िता पिंकी निषाद की तहरीर के आधार पर आरोपी विनोद निषाद और संदीप निषाद के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। वहीं मामले की जांच उपनिरीक्षक मुख्तार राम को सौंपी गयी है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!