Trending

Jaunpur News : चलती बाइक बनी आग का गोला, जन सेवा केन्द्र संचालक की सूझ—बूझ से टला बड़ा हादसा

Naya Savera Network
सुइथाकला, जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के सराय मोहिउद्दीनपुर बाजार में रविवार सुबह उस समय अफरा—तफरी मच गई जब चलती बाइक अचानक आग का गोला बन गई। घटना लखनऊ-बलिया राजमार्ग पर बाजार के बीचों-बीच सुबह करीब 10 बजे हुई। समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार ईशापुर गांव निवासी अनुज बिन्द पुत्र गणेश बिन्द अपनी हीरो कम्पनी की मोटरसाइकिल से शाहगंज जा रहे थे। जैसे ही वह सराय मोहिउद्दीनपुर बाजार पहुंचे, बाइक की टंकी और हैंडल के पास से अचानक धुआं और तेज लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते बाइक धू-धू कर जलने लगी। चालक अनुज बिन्द ने सूझ—बूझ दिखाते हुए तत्काल बाइक से कूदकर अपनी जान बचाई।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद बैंक से संबद्ध सहज जन सेवा केंद्र संचालक कृष्णा कुमार अग्रहरि ने साहस और तत्परता का परिचय दिया। उन्होंने अपने केंद्र में रखे अग्निशमन यंत्र की मदद से आग पर काबू पा लिया। उनकी सक्रियता से आस—पास मौजूद लोगों और दुकानों को भी नुकसान होने से बचा लिया गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने कृष्णा कुमार की सराहना किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक में शॉर्ट सर्किट या पेट्रोल लीकेज के कारण आग लगी हो सकती है। वहीं इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी को भी लोग घटना की एक वजह मान रहे हैं। घटनास्थल से करीब 50 मीटर दूरी पर पुलिस बूथ होने के बावजूद किसी पुलिसकर्मी के मौके पर न पहुंचने को लेकर भी लोगों में चर्चा है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!