Trending

Jaunpur News : मछलीशहर में विकास को रफ्तार: 5 लघु सेतु और 93 संपर्क मार्ग बनेंगे

Technical Team
जौनपुर। मछलीशहर विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए बड़ा विकास कार्य प्रस्तावित किया गया है। क्षेत्र की विधायक रागिनी सोनकर द्वारा भेजे गए प्रस्ताव को लोक निर्माण विभाग (PWD) ने अपनी वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना में शामिल कर लिया है। इस योजना के तहत क्षेत्र में 5 लघु सेतु और 93 संपर्क मार्गों का निर्माण किया जाएगा। इससे ग्रामीण इलाकों में आवागमन की सुविधा में बड़ा सुधार होने की उम्मीद है। प्रस्तावित कार्यों में बसही नदी के वामी चिताव मार्ग पर एक लघु सेतु का निर्माण शामिल है। इसके अलावा महुआरी-बनकट मार्ग, पोहा के डिग्गी नाले, बबुरी गांव से बेलौना के बीच परसुआ नाले और गद्दोपुर के घुड़साल नदी पर भी पुल बनाने की योजना है। इन पुलों के बनने से बरसात के मौसम में होने वाली परेशानियों से ग्रामीणों को राहत मिलेगी और आवागमन सुचारु हो सकेगा। इसके साथ ही 93 कच्चे और जर्जर संपर्क मार्गों को पक्की सड़कों में बदला जाएगा। वर्तमान में इन रास्तों की खराब स्थिति के कारण ग्रामीणों को  शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार जैसी बुनियादी सुविधाओं तक पहुंचने में कठिनाई होती है। विधायक रागिनी सोनकर ने बताया कि यह प्रस्ताव जनता की समस्याओं को ध्यान में रखकर प्राथमिकता के आधार पर तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि सड़क और पुल किसी भी क्षेत्र के विकास की रीढ़ होते हैं, इसलिए ग्रामीण इलाकों में बेहतर संपर्क व्यवस्था उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी बताया कि यह प्रस्ताव 30 अप्रैल को लोक निर्माण विभाग को भेजा गया था और स्वीकृति के बाद निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा। इस योजना से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!