जौनपुर। रामपुर थाना क्षेत्र के सिधवन गांव में गुरुवार को एक शादी समारोह के दौरान द्वारपूजा के समय बाराती और घराती पक्ष के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस घटना में दोनों पक्षों के करीब 10 लोग घायल हो गए, जबकि दो वाहनों में तोड़फोड़ भी की गई। जानकारी के अनुसार, रामपुर थाना क्षेत्र के जमालापुर (डिहवा) गांव से बारात सिधवन गांव पहुंची थी। जलपान कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया था, लेकिन द्वारपूजा के दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडों से भिड़ गए, जिससे शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। इस मारपीट में घराती पक्ष के हर्षित मिश्रा (18), ब्रह्मदेव मिश्रा (40), गोली दुबे (60), गणेश मिश्रा (22) और अर्जुन मिश्रा (32) घायल हो गए। इनमें से दो से तीन लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों का उपचार भदोही के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद शादी समारोह में तनाव का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत कराया गया। इस दौरान दूल्हे की गाड़ी सहित दो वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। रामपुर थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी अभी प्राप्त नहीं हुई है। यदि किसी पक्ष की ओर से तहरीर मिलती है, तो जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Jaunpur News : सिधवन गांव में शादी समारोह के दौरान बाराती-घराती में मारपीट, 10 लोग घायल
byTechnical Team
-
0

إرسال تعليق