(एम0ए0अंसारी)
सल्तनत बहादुर पी.जी. कॉलेज, बदलापुर, जौनपुर के प्राचीन इतिहास विभाग के वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित प्रोफेसर अखंड प्रताप सिंह ने बीते दिन बुधवार को महाविद्यालय के प्राचार्य पद का विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। इस महत्वपूर्ण अवसर पर महाविद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा तथा समस्त शिक्षकगण, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं विद्यार्थियों में हर्ष एवं उल्लास की स्पष्ट झलक दिखाई दी।
कार्यभार ग्रहण समारोह अत्यंत गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस दौरान महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं कर्मचारियों ने नव-नियुक्त प्राचार्य का गर्मजोशी से स्वागत किया तथा उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में प्रोफेसर धीरेन्द्र कुमार पटेल, प्रोफेसर विमलेश कुमार पाण्डेय, डॉ. ओमप्रकाश दुबे, डॉ. करमचंद यादव, डॉ. विनय दुर्गेश, डॉ. बृजेश कुमार मिश्रा, डॉ. रोहित सिंह, डॉ. इंद्रजीत सिंह, डॉ. तमन्ना नाज, डॉ. अभिषेक गौरव, डॉ. तिलक सिंह यादव, डॉ. कुलदीप शुक्ला तथा डॉ. सौरभ सिंह परिहार सहित अनेक गणमान्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रो. अखंड प्रताप सिंह का प्रशासनिक अनुभव, शैक्षिक दृष्टिकोण एवं नेतृत्व क्षमता महाविद्यालय को नई दिशा प्रदान करेगी। सभी ने यह आशा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व में महाविद्यालय शिक्षा, अनुशासन एवं शोध के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
अपने प्रथम संबोधन में प्राचार्य प्रो. अखंड प्रताप सिंह ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे इस जिम्मेदारी को पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता एवं समर्पण के साथ निभाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने महाविद्यालय के सर्वांगीण विकास, शैक्षिक गुणवत्ता में निरंतर सुधार, आधुनिक सुविधाओं के विस्तार तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण को अपनी प्राथमिकता बताया।
उन्होंने आगे कहा कि महाविद्यालय में सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण, अनुशासन एवं नवाचार को बढ़ावा दिया जाएगा। विद्यार्थियों की समस्याओं के त्वरित समाधान, शिक्षकों के सहयोग एवं कर्मचारियों के समन्वय से एक सशक्त एवं प्रगतिशील शैक्षणिक वातावरण तैयार किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने एकजुट होकर महाविद्यालय को प्रगति के पथ पर अग्रसर करने का संकल्प लिया तथा नव-नियुक्त प्राचार्य के नेतृत्व में एक सशक्त, अनुशासित एवं उत्कृष्ट शिक्षण संस्थान के निर्माण हेतु पूर्ण सहयोग देने का विश्वास व्यक्त किया।

إرسال تعليق