Trending

Jaunpur News : करेंट से युवक की हुई मौत, टीनशेड ले जाते समय हुआ हादसा

Technical Team
  

खेतासराय, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के जैगहाँ गांव में एक हृदयविदारक हादसे में लगभग 35 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। यह दुर्घटना उस समय हुई जब युवक अपने मित्र के साथ बाइक से टीनशेड लेकर घर लौट रहा था। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जैगहाँ निवासी विशाल गुप्ता उर्फ गोरेलाल पुत्र किशोरी अपने मित्र कुणाल के साथ दीदारगंज थाना क्षेत्र के पकरौल बाजार से टीनशेड खरीदकर वापस घर जा रहा था। दोनों युवक बाइक पर टीन शेड रखकर सावधानी से चल रहे थे लेकिन रास्ते में पकरौल गांव के पास एक बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान के समीप अचानक हादसा हो गया। बताया जाता है कि बाइक पर रखा टीन शेड ऊपर से गुजर रहे बिजली के हाई वोल्टेज तार से टकरा गया।
जैसे ही टीनशेड बिजली के तार के संपर्क में आया, उसमें करंट दौड़ गया और विशाल गुप्ता उसकी चपेट में आ गया। करंट इतना तेज था कि वह मौके पर ही गंभीर रूप से झुलस गया और बेहोश होकर गिर पड़ा। साथ में मौजूद मित्र कुणाल ने शोर मचाकर आस—पास के लोगों को बुलाया। स्थानीय लोगों ने तत्काल साहस दिखाते हुए बिजली के संपर्क से युवक को अलग किया और गंभीर हालत में उसे नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। यह खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर में कोहराम मच गया और गांव के लोग भी बड़ी संख्या में शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे। मृतक अपने परिवार का मुख्य कमाने वाला सदस्य था और जैगहां बाजार में किराना स्टोर चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था।
विशाल गुप्ता अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गया है। वह दो भाइयों और दो बहनों में से एक था। सभी की शादी हो चुकी है। सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि उसकी तीन माह की दुधमुंही बच्ची के सिर से पिता का साया उठ गया जिससे परिवार की स्थिति और भी दयनीय हो गई है।
घटना के संबंध में खेतासराय थाना प्रभारी प्रदीप सिंह ने बताया कि दुर्घटना स्थल आजमगढ़ जनपद के दीदारगंज थाना क्षेत्र में आता है, इसलिए संबंधित थाने को सूचना दे दी गई है और आगे की कार्रवाई वहीं की पुलिस कर रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!