जौनपुर। उप कृषि निदेशक डा० वी०बी० द्विवेदी ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजनान्तर्गत रू० 6000 की वार्षिक धनराशि तीन समान किस्तों में आपके आधार आधारित बैंक खाते में सीधे भेजी जाती है। भारत सरकार द्वारा जनपद के कई कृषक परिवारों की सूचनाएं अपूर्ण पाये जाने पर उनके भुगतान पर रोक लगायी गयी है। इसके निम्न कारण है- विरासत से खेती/कृषि जमीन का आप द्वारा पूर्व भू-धारक का सही विवरण पंजीकरण के समय दर्ज नहीं कराया गया है। एक ही भूमि पर पूर्व एवं वर्तमान भू-स्वामी योजना का लाभ प्राप्त कर रहें है। लाभार्थी कृषक को 1 फरवरी 2019 के पश्चात विरासत के अतिरिक्त अन्य श्रोतो से भूमि प्राप्त हुई है। उन्होंने जनपद के उन कृषक परिवारों से अपील किया कि जिनकी किस्तें वर्तमान में प्राप्त नहीं हो रही है, भारत सरकार के पोर्टल पर उपलब्ध Update Missing information के अन्तर्गत कृषक स्वयं अथवा नजदीकी जनसेवा केन्द्र के माध्यम से सूचनाएं एवं वांछित दस्तावेजों (जैसेः आधार, पूर्व भू-स्वामी का मृत्यू प्रमाण-पत्र एवं सत्यापित खतौनी) को अपलोड/अद्यतन करायें जिससे उनकी रोकी गयी किस्त के भुगतान के सम्बन्ध में भारत सरकार द्वारा निर्णय लिया जा सकें। अधिक जानकारी के लिये विकास खण्ड के राजकीय कृषि बीज भण्डार एवं जनपदीय मुख्यालय उप कृषि निदेशक कार्यालय पर सम्पर्क कर सकते हैं।
Post a Comment