Trending

Jaunpur News: बिजली कटौती व स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेसियों का प्रदर्शन

Naya Savera Network
मुंगराबादशाहपुर (जौनपुर)। अघोषित बिजली कटौती और प्रीपेड स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार को विद्युत उपकेंद्र मुंगराबादशाहपुर पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। ब्लाक अध्यक्ष श्रीमती राजकुमारी मिश्रा के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए प्रदेश सरकार के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया।
धरना को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष डा. प्रमोद कुमार सिंह ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रीपेड स्मार्ट मीटर के माध्यम से जनता का खुलेआम शोषण किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों से आम उपभोक्ता परेशान है और स्मार्ट मीटर जनता को लूटने का माध्यम बन गया है।

उन्होंने जनपद में अघोषित बिजली कटौती का मुद्दा उठाते हुए कहा कि वर्तमान में 24 घंटे में मात्र 10 से 12 घंटे ही बिजली आपूर्ति हो रही है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है।
ब्लाक अध्यक्ष राजकुमारी मिश्रा ने कहा कि सरकार की कटौती नीति से आम जनता का जीवन कठिन हो गया है। वहीं नगर अध्यक्ष निशु केसरी ने मांग की कि प्रीपेड मीटर तत्काल वापस लिए जाएं और ग्रामीण क्षेत्रों में कम से कम 20 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने सरकार के खिलाफ जमकर विरोध जताया।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!