Jaunpur News : ​समाज में अपने कार्यों से हमेशा विजेता रहती है पत्रकारों की टीम: दुर्गेश

जौनपुर। नगर के शाहगंज पड़ाव के पास स्थित एक इण्टर कालेज के मैदान पर बुधवार की सुबह साढ़े 6 बजे खेला गया क्रिकेट मैत्री मुकाबला रोमांच, उत्साह और खेल भावना से भरपूर रहा। जर्नलिस्ट क्रिकेट क्लब और हेल्पिंग हैंड वॉरियर्स के बीच हुये इस दिलचस्प मुकाबले ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा।
पहले बल्लेबाजी करते हुये जर्नलिस्ट क्रिकेट क्लब की टीम ने निर्धारित 12 ओवरों में संघर्षपूर्ण प्रदर्शन करते हुए 7 विकेट के नुकसान पर 101 रन का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। टीम के खिलाड़ियों ने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन मिश्रण पेश किया जिससे मुकाबला प्रतिस्पर्धात्मक बन गया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी हेल्पिंग हैंड वॉरियर्स की टीम ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुये मात्र 9.4 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और मुकाबले पर कब्जा जमाते हुए जीत अपने नाम कर लिया। बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज में खेलते हुये गेंदबाजों पर दबाव बनाये रखा। मैच के बाद हेल्पिंग हैंड वॉरियर्स के कप्तान दुर्गेश सिंह ने खेल भावना की सराहना करते हुए कहा कि भले ही उनकी टीम ने जीत हासिल की हो लेकिन पत्रकारों की टीम समाज में अपने कार्यों से हमेशा विजेता रहती है।
जर्नलिस्ट क्रिकेट क्लब की ओर से कप्तान देवेंद्र खरे, उप कप्तान जावेद अहमद, आलोक सिंह, शिवम उपाध्याय, मसूद अहमद, मनीष सिंह, इमरान, चंद्रेश यादव, मुकेश यादव, आदर्श उपाध्याय, धीरज यादव ने सराहनीय प्रदर्शन किया। वहीं हेल्पिंग हैंड वॉरियर्स की टीम से उप कप्तान अभिषेक सिंह, बलवंत सिंह, सूरज सिंह, मनोज सिंह, अरुण सिंह, हृदय सिंह, नितेश तिवारी, आलोक पाठक, प्रवीण मिश्रा ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करके टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी।
इस दौरान जफराबाद से आये इजहार हुसैन मैदान पर मौजूद रहकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते रहे। स्कोरर की जिम्मेदारी अंकित जायसवाल ने निभायी। कोच मोहम्मद अब्बास ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों का आभार व्यक्त करते हुये ऐसे आयोजनों को आपसी सौहार्द और फिटनेस के लिये बेहद जरूरी बताया। मैच का यह आयोजन खेल भावना, मित्रता और सामाजिक एकता का शानदार उदाहरण बनकर उभरा जिसकी चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है।
Uploaded Image

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post