Jaunpur News : प्रधान के विरुद्ध आयी जांच टीम की मौजूदगी में हुई मारपीट, युवक समेत 4 घायल

  

सुइथाकला, जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के बुमकहाँ गांव में मंगलवार को प्रधान के खिलाफ चल रही जांच के दौरान माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। देखते ही देखते दो पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि इस दौरान एक युवक को लाठी-डंडों और लात-घूंसों से जमकर पीटा गया। स्थानीय निवासी पीड़ित राममिलन धोबी पुत्र हरिलाल ने थाना में दी गई तहरीर में बताया कि 21 अप्रैल को दोपहर गांव में प्रधान के खिलाफ जांच के लिए टीम पहुंची थी। इसी दौरान विपक्षी पक्ष के राम सुभग, दिलीप, विकास, दिनेश, यतीस, जशलोक और अमन समेत कई लोगों ने मिलकर उसके साथ मारपीट कर दी। घटना में राममिलन के अलावा राजेन्द्र, गोविंद और आकाश भी घायल हो गए।
पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी जिससे परिवार में भय का माहौल बना हुआ है। इस संबंध में थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर सात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

0 تعليقات

إرسال تعليق

Post a Comment (0)

أحدث أقدم