Trending

Jaunpur News : निरंकारी परिवार का मानव एकता दिवस 24 अप्रैल को

Technical Team
  

जौनपुर। जब मानव हृदय में प्रेम की मधुर धारा अविरल प्रवाहित होती है और आत्मा एकत्व के दिव्य स्पंदन से आलोकित होती है तभी मानवता का वास्तविक और पावन स्वरूप प्रकट होता है। यह वही स्थिति है जहाँ समस्त भेदभाव स्वतः विलीन हो जाते हैं और करुणा, समरसता तथा सार्वभौमिक भाईचारे का भाव जीवन्त हो उठता है। इसी दिव्य आध्यात्मिक चेतना को साकार करने हेतु संत निरंकारी मिशन द्वारा बाबा गुरबचन सिंह जी की पावन स्मृति में 'मानव एकता दिवस' 24 अप्रैल को श्रद्धा, समर्पण और प्रेममय वातावरण में आयोजित किया जायेगा जो सम्पूर्ण मानव जाति को एकत्व, सेवा और सद्भाव का अमूल्य संदेश प्रदान करेगा।
वहीं सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता रमित जी के सान्निध्य में दिल्ली के बुराड़ी स्थित सरोवर के सम्मुख ग्राउंड नम्बर 2 में भव्य एवं दिव्य सत्संग का आयोजन होगा जहां श्रद्धालु भक्त प्रेम, भक्ति और आध्यात्मिकता के अद्वितीय संगम का अनुभव करेंगे। यह अवसर केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि आत्मिक जागृति का उत्सव होगा जो प्रत्येक हृदय को ईश्वरीय एकत्व के अनुभव से जोड़ते हुये आंतरिक शान्ति और संतोष की अनुभूति करायेगा। साथ ही देश-विदेश की विभिन्न शाखाओं में भी श्रद्धालु भक्त एकत्रित होकर दिव्य सत्संग को गहन आत्मिक भाव से साकार करेंगे। यह जानकारी स्थानीय मीडिया सहायक उदय नारायण जायसवाल ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!