जौनपुर। जनपद न्यायाधीश सुशील शशि की अध्यक्षता और जिलाधिकारी डा0 दिनेश चन्द्र एवं पुलिस अधीक्षक अनुपम सिंह की उपस्थिति में जनपद कारागार का त्रैमासिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान कारागार की सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, बंदियों के रहन-सहन, खान-पान, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की गयी।
अधिकारियों ने बंदियों से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुनकर उनके त्वरित निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया।जनपद न्यायाधीश ने निर्देश दिया कि कारागार में निरुद्ध बंदियों को शासन द्वारा निर्धारित सभी सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जायं। जिलाधिकारी ने कारागार परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने एवं भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिया।
इस दौरान दोष सिद्व दिव्यांग बन्दियों एवं विचाराधीन दिव्यांग बन्दियों को सहायक उपकरण पात्रता के आधार पर देने के निर्देश के क्रम में तीन दिव्यांग बंदियों को व्हीलचेयर व तीन को बैसाखी वितरित किये गये। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक आयुष श्रीवास्तव आईपीएस, सीजेएम श्वेता यादव, जेल अधीक्षक पवन त्रिवेदी, जेलर अजय कुमार, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी दिव्या शुक्ला सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
Post a Comment