Jaunpur : भूमि विवाद में हार्डवेयर दुकानदार से मारपीट, दुकान में तोड़—फोड़ का आरोप

डा. प्रदीप दूबे @ सुइथाकला, जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के हमजापुर बाजार में जमीन विवाद को लेकर हार्डवेयर दुकानदार के साथ मारपीट और दुकान में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार डेहरी गांव निवासी मोहम्मद आलमगीर पुत्र मोहम्मद इदरीस ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी हार्डवेयर की दुकान हमजापुर में स्थित है। उन्होंने 10 फरवरी 2025 को यासमीन पुत्री मुस्तकीम से जमीन का बैनामा एहतेशाम पुत्र मोहम्मद हफीज और सागर पुत्र चेतई के माध्यम से कराया था। बैनामे के बाद उक्त लोगों ने विक्रेता यासमीन को उकसाकर तहसीलदार शाहगंज की अदालत में आपत्ति दाखिल करा दी जिसका मामला न्यायालय में विचाराधीन है।
पीड़ित का कहना है कि इसी रंजिश को लेकर 13 मार्च को उक्त गांव निवासी एहतेशाम, सागर, नौशाद पुत्र इस्लाम, बरकत पुत्र फेरु निवासी हमजापुर दुकान पर पहुंच गये और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने आलमगीर की पिटाई कर दिये। साथ ही दुकान में रखे सामान को भी तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया।
पीड़ित के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। आरोप है कि जाते समय आरोपी जान से मारने की धमकी देते चले गये।इस बाबत पूछे जाने पर थानाध्यक्ष यजुवेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर 4 लोगों के विरुद्ध सम्बन्धित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले में अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post