Jaunpur : ​35 करोड़ की लागत से शुरू हुआ तीन सड़कों के चौड़ीकरण का कार्य

सुइथाकला, जौनपुर। विधानसभा क्षेत्र में सड़क विकास को गति देते हुए विधायक रमेश सिंह ने रविवार को करीब 35 करोड़ रुपये की लागत से 3 प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण एवं जीर्णोद्धार कार्य का भूमि पूजन कर शुभारंभ किया। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
विधायक श्री सिंह ने कहा कि जमौली-बिरैली मार्ग को छोड़कर क्षेत्र की लगभग सभी प्रमुख सड़कों का निर्माण अथवा मरम्मत कार्य पूरा कराया जा चुका है। शेष मार्ग को भी जल्द ही विजेथुआ धाम से जोड़ने की योजना के तहत विकसित किया जाएगा। सड़क नेटवर्क के बेहतर होने से अब पूरे विधानसभा क्षेत्र में एक छोर से दूसरे छोर तक कम समय में आसानी से पहुंचा जा सकेगा।
भूमि पूजन के तहत अरसिया-बीबीगंज मार्ग का बीबीगंज बाजार, पट्टीनरेंद्रपुर-सराय मोहिउद्दीनपुर मार्ग का गौसपुर तिराहा तथा बड़ौना वाया चिलबिली, गंगौली, सवायन, रुधौली मार्ग का चंपानगर बाजार में कार्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का संचालन राजेश सिंह व राम सकल मौर्य ने संयुक्त रूप से किया।
इस दौरान प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. उमेश चंद तिवारी, अवधेश दुबे, संजय सिंह, अशोक बिंद सहित कई वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किये। इस अवसर पर प्रधान संघ अध्यक्ष राम प्रकाश दुबे, खुशीराम मिश्र, सुशील सिंह, राकेश वर्मा समेत सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post