Trending

Jaunpur : ​हाईस्कूल की छात्रा ने ट्रेन के आगे कूदकर की आत्महत्या

टीम संचार सेतु

मीरगंज, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के चौकी कला गांव की 15 वर्षीय छात्रा ने शुक्रवार की सुबह जंघई रेलवे ट्रैक पर चलती ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। इस हृदयविदारक घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। चौकी कला गांव निवासी सुरेश जैसवार की पुत्री गरिमा जैसवार आरडी मेमोरियल मॉडर्न कॉन्वेंट इंटरमीडिएट कॉलेज जंघई प्रयागराज की हाईस्कूल छात्रा थी। उसका परीक्षा केंद्र श्रीदेवी प्रसाद इंटर कालेज पिलखिनी जंघई प्रयागराज में था। शुक्रवार सुबह लगभग सात बजे वह साइकिल से सोशल साइंस की परीक्षा देने के लिए घर से निकली थी।
बताया गया कि जंघई फाटक से करीब 200 मीटर पूरब रेलवे ट्रैक के किनारे उसने साइकिल खड़ी की और जौनपुर से प्रयागराज जा रही एजे पैसेंजर ट्रेन के सामने छलांग लगा दी जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मीरगंज व सराय ममरेज पुलिस, आरपीएफ जंघई तथा जीआरपी जंघई मौके पर पहुंच गई। क्षेत्र जीआरपी के अंतर्गत होने के कारण जीआरपी जंघई ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
छात्रा की मौत की खबर मिलते ही परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। परिवार में कोहराम मच गया। चचेरे चाचा राजेश जैसवार ने बताया कि हिन्दी का पेपर ठीक न होने और तीन प्रश्न छूट जाने से गरिमा काफी तनाव में थी। जीआरपी जंघई प्रभारी अरुण मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा पूरे मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में परीक्षा तनाव को आत्महत्या का कारण माना जा रहा है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!