Jaunpur : ​बोर्ड परीक्षा को लेकर पूविवि में हुई समीक्षा बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम

विरेन्द्र यादव @ सरायख्वाजा, जौनपुर। जिलाधिकारी डा. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में संगोष्ठी भवन पूर्वांचल विश्वविद्यालय में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की परिषदीय बोर्ड परीक्षा-2026 को सकुशल, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन सम्पादित किये जाने के दृष्टिगत समीक्षा बैठक/प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ।
इस मौके पर जिलाधिकारी ने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 18 फरवरी से 12 मार्च के मध्य दो पालियों में (प्रथम पाली में प्रातः 8ः30 बजे से 11ः45 बजे तक, द्वितीय पाली सायं (2 बजे से 5ः15 बजे तक) में जनपद के कुल 206 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जायेगी।  जनपद में हाईस्कूल में कुल पंजीकृत परीक्षार्थियों की संख्या 77042 तथा इण्टरमीडिएट में 77080 हैं। परीक्षा हेतु कुल 6 जोनल मजिस्ट्रेट, 22 सेक्टर मजिस्ट्रेट लगाये गये हैं। साथ ही रिजर्व अधिकारियों की ड्यूटी भी लगायी गयी है। किसी भी समस्या पर विभागीय कंट्रोल रूम नंबर 7905471191 और 9451962481 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
जिलाधिकारी ने सभी केन्द्र व्यवस्थापकों को परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराये हेतु प्रश्न पत्रों की गोपनीयता अक्षुण्ण रखने, परीक्षा केन्द्रों के नियमित पर्यवेक्षण करने और परीक्षा के पूर्व सभी आवश्यक तैयारियों पूर्ण कर लेने के निर्देश दिये। साथ ही कहा कि परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध एवं केंद्र व्यवस्थापन की सतत मॉनिटरिंग की जाय। उन्होंने स्टैटिक मजिस्ट्रेट की दायित्वों के सम्बन्ध में विस्तार से जानकारी प्रदान किया। साथ ही निर्देश दिया कि समस्त स्टैटिक मजिस्ट्रेट अपने आवंटित परीक्षा केंद्रों पर समय से उपस्थित रहकर परीक्षा की समुचित निगरानी सुनिश्चित करेंगे। परीक्षा केंद्रों पर नकलविहीन परीक्षा कराने का उत्तरदायित्व शासन—प्रशासन का है और शासन के निर्देश के क्रम में परीक्षा से जुड़े सभी प्राविधानों और सबके दायित्वों के सम्बन्ध में विस्तार से अवगत कराया गया है।
उन्होंने कहा कि विगत वर्षों के भांति इस वर्ष भी नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए संकल्पित हो जिसके लिए उन्होंने उपस्थित सभी को नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए संकल्प भी दिलाया। मुख्यमंत्री जी के स्पष्ट निर्देश है कि परीक्षा को पूर्णतः नकलविहीन, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी/कर्मचारी के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठापूर्ण, गंभीरता, सजगता के साथ करने के निर्देश दिये।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक आयुष श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व परमानन्द झा, जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार, सह जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश यादव, विवेक कुमार, समस्त सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, कंट्रोल रूम प्रभारी सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

0 تعليقات

إرسال تعليق

Post a Comment (0)

أحدث أقدم