'Mrs' जैसी फिल्म, जिसने न सिर्फ चर्चा बटोरी बल्कि सोच बदलने वाली बातचीत भी शुरू की, उसकी गूंज एक साल बाद भी बरकरार है। वक्त बीत गया, लेकिन फिल्म का असर आज भी महसूस किया जा सकता है। अब, उसी असर को आगे बढ़ाने के लिए इसके क्रिएटिव कर्णधार एक बार फिर साथ आ रहे हैं। बावेजा स्टूडियोज़ के निर्माता हरमन बावेजा और निर्देशक आरती कड़व, जिन्होंने हाल के वर्षों की सबसे सामाजिक रूप से प्रासंगिक फिल्मों में से एक दी, अब एक नए प्रोजेक्ट के लिए फिर से हाथ मिला रहे हैं।
'Mrs' की पहली सालगिरह के मौके पर हरमन और आरती दोनों ने इंस्टाग्राम के ज़रिए इस री-यूनियन की जानकारी दी। यह ऐलान किसी कविता जैसा लगता है, एक ऐसा सर्कल जो पूरा हुआ हो। एक ऐसी साझेदारी, जिसे न सिर्फ समीक्षकों की सराहना मिली, बल्कि जिसने देशभर में बातचीत को भी जन्म दिया।
'Mrs' बावेजा स्टूडियोज़ और आरती कड़व के लिए एक माइलस्टोन साबित हुई। संवेदनशील निर्देशन, दमदार लेखन और सधे हुए प्रोडक्शन के लिए फिल्म को खूब सराहा गया। वहीं सान्या मल्होत्रा की तीखी और दिल को छू लेने वाली परफॉर्मेंस ने उन्हें कई अवॉर्ड्स दिलाए। मज़बूत राइटिंग, कलाकारों और निर्देशक के बीच गहरी समझ के साथ, इस फिल्म ने हरमन बावेजा को सिर्फ सार्थक सिनेमा का समर्थन करने वाले निर्माता के रूप में ही नहीं, बल्कि एक कहानीकार के रूप में भी स्थापित किया, क्योंकि वह इस प्रोजेक्ट के सह-लेखक भी थे।
आरती कड़व के निर्देशन में बनी और सान्या मल्होत्रा द्वारा अभिनीत इस फिल्म ने मलयालम कल्ट क्लासिक 'द ग्रेट इंडियन किचन' को उत्तर भारतीय रंग में ढाला, जिसमें करवा चौथ जैसे सांस्कृतिक संदर्भ बुने गए। इसकी खास बात यह थी कि फिल्म ने खुली हिंसा का सहारा नहीं लिया, बल्कि बेहद बारीकी से एक महिला की पहचान के धीरे-धीरे मिटते जाने की कहानी कही।
आरती के साथ दोबारा काम करने पर हरमन बावेजा ने कहा, "Mrs उन गिनी-चुनी फिल्मों में से है, जो बनने के बाद भी लंबे समय तक आपके साथ रहती है। सिर्फ इसलिए नहीं कि इसे जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली, बल्कि इसलिए कि इसे पूरी ईमानदारी से बनाया गया। आरती के साथ काम करके मुझे फिर एहसास हुआ कि जब पूरी टीम एक ही सोच और संवेदनशीलता के साथ काम करती है, तो सिनेमा कितना ताकतवर हो सकता है। पिछले एक साल में, जैसे-जैसे फिल्म ने अपना दर्शक और पहचान पाई, मेरा यह भरोसा और मज़बूत हुआ कि यही वो कहानियां हैं, जिन्हें मैं आगे भी सपोर्ट करना चाहता हूं। दोबारा साथ आना किसी री-यूनियन जैसा नहीं, बल्कि उस क्रिएटिव सफर का अगला स्वाभाविक कदम लगता है, जिस पर हमें पूरा भरोसा है। यह अगला प्रोजेक्ट उसी विश्वास से जन्मा है, और मैं फिर से साथ मिलकर सीमाएं आगे बढ़ाने को लेकर उत्साहित हूं।"
इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए आरती कड़व ने कहा, "Mrs बनाना भावनात्मक रूप से चुनौतीपूर्ण जरूर था, लेकिन उतना ही संतोषजनक भी। इसका बड़ा श्रेय उस स्पेस को जाता है, जो हरमन और बावेजा स्टूडियोज़ ने मुझे एक फिल्ममेकर के तौर पर दिया। पूरा भरोसा, धैर्य और सुनने की इच्छा, ये खूबियां बहुत कम देखने को मिलती हैं और बेहद कीमती हैं। वक्त के साथ यह विश्वास और गहरा हुआ है। दोबारा साथ काम करना किसी नई शुरुआत जैसा नहीं लगता, बल्कि उस बातचीत को आगे बढ़ाने जैसा है, जो ईमानदारी, संवेदना और मायने रखने वाली कहानियां कहने के साझा विश्वास से शुरू हुई थी।"
यह ऐलान ऐसे वक्त में आया है, जब बावेजा स्टूडियोज़ एक मजबूत क्रिएटिव दौर से गुजर रहा है। हरमन बावेजा का हालिया प्रोजेक्ट 'हक' पहले ही खूब सुर्खियां बटोर रहा है, और कंटेंट-ड्रिवन कहानी कहने वाले निर्माता के तौर पर उनकी पहचान को और पुख्ता कर रहा है। 2025 जहां एक शानदार साल साबित हुआ, वहीं 2026 भी उतना ही रोमांचक दिख रहा है। आने वाली फिल्मों में 'दिल का दरवाज़ा खोलो ना डार्लिंग', 'कैप्टन इंडिया', 'बॉय फ्रॉम अंडमान' समेत कई और प्रोजेक्ट्स शामिल हैं, जिनका खुलासा अभी होना बाकी है।
Post a Comment