Jaunpur News : ​सदाचार एवं शाकाहार से बदलेगा जमाना: पंकज जी महाराज

जौनपुर। जयगुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था मथुरा द्वारा संचालित शाकाहार-सदाचार और मद्य निषेध जनजागरण यात्रा के क्रम में संत पंकज जी महाराज के सानिध्य में निकली यात्रा ने शनिवार की शाम लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग स्थित पालपुर में पड़ाव किया। लगातार मूसलाधार वर्षा के बावजूद श्रद्धालुओं की उपस्थिति में सत्संग समारोह का आयोजन हुआ।
सत्संग में उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए पंकज जी महाराज ने कहा कि गृहस्थ आश्रम सबसे उत्तम आश्रम है। इसमें रहते हुए लोग ईमानदारी और मेहनत से अपने कार्य करें तथा थोड़ा समय निकालकर प्रभु की भक्ति करें। कलयुग में मनुष्य की आयु और बल घट गया है, मन की चंचलता बढ़ गई है, ऐसे में संतों के मार्गदर्शन में नाम-जप, ध्यान और भजन के माध्यम से आत्मा का कल्याण संभव है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि संत परंपरा द्वारा दिए गए तीन योग सुमिरन, ध्यान और भजन आज के युग में अत्यंत उपयोगी हैं। उन्होंने कहा कि आज लोग दिवस गंवाया खा के, रात गंवाई सोय की स्थिति में जी रहे हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। जनसमुदाय से आग्रह किया कि वे भक्ति और सदाचार को जीवन का अंग बनायें, ताकि आत्मा नर्क जैसी गति से बच सके।
उन्होंने संत बाबा जयगुरुदेव जी के वचनों का स्मरण कराते हुए कहा कि कहें जयगुरुदेव पुकार, जमाना बदलेगा। सुनते जाना सभी नर-नारी, जमाना बदलेगा नहीं-नई बीमारी होगी, अपनाओ शाकाहार। उन्होंने युवाओं को दुर्व्यसनों से बचाने की आवश्यकता पर बल देते हुये कहा कि देश का भविष्य इन्हीं के हाथों में है। उनमें अच्छे संस्कार डालना आज की महती आवश्यकता है। समाज के बुद्धिजीवियों, धर्मप्रेमियों और शुभचिंतकों से उन्होंने आग्रह किया कि वे अच्छे समाज के निर्माण में सहभागी बने।
इस अवसर पर ऋषिदेव श्रीवास्तव, अरुण वर्मा, डॉ. प्यारे लाल मौर्य, लालमणि मौर्य, रमाशंकर चौहान, मनोज मौर्य, पंचम यादव, शेर बहादुर सिंह आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। शांति व्यवस्था में स्थानीय पुलिस प्रशासन मौजूद रहे। अगला कार्यक्रम ग्राम पोखरिया विकास सिकरारा में 4 अगस्त दिन सोमवार को दोपहर 12 बजे आयोजित किया जायेगा। 

0 تعليقات

إرسال تعليق

Post a Comment (0)

أحدث أقدم