Trending

Jaunpur News : ​विशेष सचिव ने निर्माणाधीन पंचायत भवन का किया निरीक्षण

टीम संचार सेतु

जौनपुर। जनपद के आकांक्षात्मक विकास खण्डों में परिलक्षित परिवर्तनों के भौतिक निरीक्षण किए जाने के शासन के निर्देश के क्रम में नामित नोडल अधिकारी विशेष सचिव आयुष विभाग हरिकेश चौरसिया द्वारा विकास खण्ड रामपुर में स्थलीय निरीक्षण किया गया। विशेष सचिव, आयुष विभाग द्वारा रविवार को विकास खण्ड रामपुर के ग्राम पंचायत पचवल में निर्माणाधीन पंचायत भवन का औचक निरीक्षण किया गया। निर्माण की प्रगति संतोषजनक पाई गई। विशेष सचिव द्वारा कार्य को मानक के अनुरूप तथा गुणवत्तापूर्ण करने तथा सीढ़ी के साथ ही रैंप भी बनाए जाने के निर्देश दिए गए जिससे वृद्धजनों और दिव्यांगजन को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। विशेष सचिव द्वारा खंड विकास अधिकारी को मुख्य चिकित्साधिकारी से वार्ता करते हुए परिसर में जो जमीन रिक्त है, वहां पर एएनएम केंद्र बनाए जाने का सुझाव दिया गया। वर्तमान में एएनएम सेंटर किराए के मकान में संचालित है। इसके साथ ही उन्होंने मनरेगा के अंतर्गत स्वयं सहायता समूह के आजीविका संवर्धन केंद्र का भी निरीक्षण किया तथा स्वयं सहायता समूह के सदस्यों से संवाद भी किया। इसके पश्चात उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर का औचक निरीक्षण किया। एएनसी के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं के पंजीकरण से संबंधित रजिस्टर का अवलोकन किया। दवाओं की उपलब्धता, साफ सफाई आदि के संबंध में जानकारी ली। विशेष सचिव ने चिकित्सा अधीक्षक से टीबी मुक्त भारत अभियान को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की तथा इसके साथ ही चिकित्सा अधीक्षक को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। इस अवसर पर खण्ड विकास अधिकारी अभिनव सरोज, अन्य अधिकारीगण, ग्राम प्रधान आदि उपस्थित रहे।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!