Jaunpur News : ​अनुराग शर्मा को दी गई श्रद्धांजलि

खुटहन, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के उपाध्यायपुर गांव में गत 9 अप्रैल को अनुराग शर्मा की हत्या कर फेंकी मिली लाश के मामले में पुलिसिया कार्रवाई के साथ-साथ धार्मिक रीति से उनका क्रियाकर्म भी किया गया। 13वीं की तिथि सोमवार को श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई जिसमें उनके तमाम शुभचिंतकों ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित किया। ज्ञातव्य हो कि उक्त गांव निवासी व भाजपा के क्षेत्रीय मंत्री काशी प्रांत अनुपम पंडित के 27 वर्षीय छोटे भाई अनुराग शर्मा गत 8 अप्रैल की शाम घर से बाजार गये थे। देर शाम तक वापस नहीं लौटे तो स्वजन खोजबीन करने लगे। उनकी मोबाइल पर फोन किया गया तो घंटी बजती रही, लेकिन फोन नहीं उठा। सुबह उनका शव घर से 150 मीटर दूर खेत में पाया गया। पीएम रिपोर्ट में उनके सिर पर वार कर हत्या किए जाने का खुलासा हुआ। मामले में पुलिस ने पांच नामजद आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। उनकी तेरहवीं पर गांव में शोक सभा आयोजित की गई जिसमें दो मिनट का मौन रख श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सभा को संबोधित करते हुए ब्लाक प्रमुख बृजेश यादव ने कहा कि अनुराग के हत्यारों को कड़ी सजा मिले,यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष बसंतलाल मौर्या, बृजेश शुक्ला, अंगद तिवारी, मंडल महामंत्री राजू सिंह, हरिवंश मिश्रा, गुलाब सिंह आदि ने श्रद्धांजलि अर्पित किया।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post