वाराणसी कैंट पर दुबारा वाहन पार्किंग में हादसा, जान माल की कोई हानि नहीं। Sanchar Setu

दुबारा शॉर्ट सर्किट,कर्मियों की तत्परता से आल इज वेल



वाराणसी। कैंट/जंक्शन  रेलवे स्टेशन के वाहन पार्किंग में रविवार की शाम एक बार फिर शाॅर्ट सर्किट हुआ। शुक्रवार की रात पौने दस बजे पहली बार जहां बाइक जली थी, ठीक उसी जगह पर शाॅर्ट सर्किट हुआ और इस बार चाइल्ड लाइन के पीछे यानी प्लेटफॉर्म संख्या एक की तरफ धुंआ फैल गया। प्लेटफाॅर्म संख्या एक पर खड़ी कामायनी एक्सप्रेस के यात्री सहम गए और प्लेटफाॅर्म पर रखी पार्सल की पेटियां आनन-फानन में हटाई गईं। बिजली विभाग के कर्मियों ने तुरंत सप्लाई काटी।संयोग रहा कि शाॅर्ट सर्किट से चिंगारी प्लेटफाॅर्म के पार्सल पर नहीं पड़ा, अन्यथा आग की बड़ी घटना से इन्कार नहीं किया जा सकता था। आरपीएफ और जीआरपी की मुस्तैदी से मामला नियंत्रण में रहा। वाहन पार्किंग में शाम 4:30 बजे के बाद जैसे ही बिजली सप्लाई चालू हुई कि पहली बार जहां एमसीबी से बाइक जली थी, फिर से वहीं तेज आवाज के साथ स्पार्क हुआ। इसके तुरंत बाद ही चाइल्ड लाइन के पीछे प्लेटफाॅर्म संख्या एक की ओर धुआं उठने लगा। यह देखते ही रेल कर्मचारी और जीआरपी, आरपीएफ कर्मी तुरंत दौड़े और पार्सल की पेटियों को हटाना शुरू किया । कामायनी एक्सप्रेस के यात्री भी सकते में आ गए। इस बीच सूचना मिलते ही विद्युत कर्मियों ने तुरंत सप्लाई को बंद किया। रेल कर्मियों ने बताया कि वाहन पार्किंग में केबिल उसी तरह रखी हुई है, जिसके चलते ही आग की घटना हुई थी। रेल के उच्चाधिकारियों ने दोबारा शार्ट सर्किट के संबंध में जानकारी ली।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post